जिला बंदोबस्त पदाधिकारी ने किया मेंहदौली पंचायत में चल रहे विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण

भगवानपुर से विजय भारती की रिपोर्ट

भगवानपुर(बेगूसराय) बिहार सरकार के दिशानिर्देश के आलोक में सोमवार को जिला बंदोबस्त पदाधिकारी विजय कुमार सिंह के द्वारा प्रखंड क्षेत्र के मेंहदौली पंचायत में चल रहे विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला बंदोबस्त पदाधिकारी विजय कुमार सिंह इस दौरान उक्त पंचायत स्थित मध्य विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे।

इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर स्थित शौचालय, पेयजल, प्रधानमंत्री पोषण योजना, पुस्तकालय, विद्यालय के जीर्ण शीर्ण भवनों के अवलोकन के उपरांत उक्त विद्यालय के वर्ग कक्ष में उपस्थित छात्र छात्राओं से शैक्षणिक व पोषण से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा मौके पर उपस्थित प्रधानाध्यापक को उपरोक्त समस्या का समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिया ।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक मौके पर उपस्थित थे, वहीं उक्त पंचायत स्थित भर्डिहा गांव में चल रहे नल जल योजना का जहां निरीक्षण किया , वहीं हंडालपुर गांव स्थित जनवितरण प्रणाली की दूकान की भी जांच की। मिली जानकारी के अनुसार उक्त पंचायत के बगरस गांव में चल रहे प्रधानमंत्री आवास योजना की भी उन्होंने जहां जांच की, वहीं उक्त पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 50 में जाकर सेविका मंजू कुमारी से भी पुछताछ की।

पुछताछ के दौरान उक्त सेविका ने उक्त केन्द्र में शौचालय, पेयजल तथा बिजली व्यवस्था नहीं होने से बच्चों को होने वाली परेशानी से पदाधिकारी महोदय को अवगत कराया। उपरोक्त योजनाओं के अलावा जिला बंदोबस्त पदाधिकारी विजय कुमार सिंह द्वारा पंचायत भवन तथा उक्त पंचायत में चल रहे सड़क निर्माण योजना का भी मुआयना किया।

निरीक्षण के दौरान मौके पर पंचायत के मुखिया शिवशंकर महतो, उपमुखिया अविनाश कुमार सिंह, पंचायत सचिव प्रवीर कुमार सिंह सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे। विदित हो कि उक्त पंचायत का निरीक्षण उक्त पदाधिकारी के द्वारा विगत 26 मई को ही होना था लेकिन किसी कारण वश उस दिन निरीक्षण कार्य स्थगित हो गया था।