भगवानपुर से विजय भारती की रिपोर्ट
भगवानपुर (बेगूसराय) बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी सह बिहार प्रदेश यूथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि पिछले दिनों बेगूसराय जिला अंतर्गत बहुआरा पंचायत के सांखू गांव निवासी बेवाक,निडर एवं समाज में हमेशा डटकर गलत का विरोध करने वाले नवजोश के साथ उभरते हुए शेर दिल युवा पत्रकार भाई सुभाष कुमार जी की हत्या अपराधियों ने गांव में ही भोज खाकर लौटने के दौरान उनके घर के पास पहले से सुनियोजित साजिश के तहत सिर में गोली मारकर घर का इकलौता चिराग को सदियों के लिए बुझा दिया।सुभाष कुमार जी पहले राष्ट्रीय सहारा और सन्मार्ग जैसे देश के नामचीन सुप्रसिद्ध अखबार में लिखते थे साथ ही साथ वर्तमान में वे अपना स्वयं पब्लिक एप्प पोर्टल न्यूज भी चलाते थे।

पूर्व में भी शराब माफियाओं के खिलाफ समाचार संकलन एवं पंचायत चुनाव के वार्ड में इनकी जीत मिलने से तेजी से समाजसेवा में बढते कद से बौखलाए अपराधियों एवं माफियाओं के द्वारा इनको जान से मारने की धमकी कई बार इन्हें दिया गया था जिसकी सूचना पूर्व में इन्होंने परिहारा ओपी को देते हुए सनहा भी दर्ज करवाए थे। वो हमेशा क्षेत्र के शोषित पीड़ित लोगों की जनसमस्याओं को मजबूती से उठाते रहते थे।आज जिस तरह से बेगूसराय जिला में खुलेआम लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकार को अपराधियों के द्वारा गोली मार कर हत्या की गई है।

इससे स्पष्ट होता है कि अपराधियों के अंदर से पुलिस का खौफ पूर्णतः खत्म हो चुका है।हत्या के दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के द्वारा अभी तक एक भी अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होना, पुलिस एवं अपराधियों की मिलीभगत प्रतीत होती है,जबकि शहीद पत्रकार भाई सुभाष के पिता जी के द्वारा चार नमजद सहित अन्य लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करवायी गया है फिर भी पुलिस जांच के नाम पर कोई ठोस मिशन पर नहीं पहुंच पाई है।जिसके कारण सुभाष के परिजन डरे सहमे घर में कैद रहते हैं।बिहार के सुशासन बाबू रोज बिहार में सुशासन का राज स्थापित है कहने से कतई नहीं पीछे रहते हैं।

जबकि आए दिन पत्रकार बंधुओं, व्यापारियों एवं आम-आवाम पर जिस तरह से सत्ता संरक्षित अपराधियों के द्वारा गोली बरसायी जा रही है जो सुशासन का राज समाप्त होकर महाजंगल राज बनकर रह गया है और लोग इस अंधी एवं चैन की घोर निंद्रा एवं अपनी कुर्सी बचाने के चक्कर में लगे रहने वाली डबल इंजन की सरकार में डरे-सहमे जीवन जीने को मजबूर,बेवश एवं लाचार हैं। उन्होंने अपने प्रेस विज्ञप्ति में आगे कहा है कि मैं बिहार सरकार के साथ-साथ बेगूसराय पुलिस अधीक्षक से मांग करता हूँ कि इस हृदयविदारक घटना का शीघ्र उद्भेदन कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जाए तथा स्पीडी ट्रायल के तहत दोषी नामजद अभियुक्त को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जाए जिससे अपराधी द्वारा इस तरह की घटना को अंजाम देने से डरे।

तभी जाकर बेगूसराय जिले में तेजी से बढ़ रहे आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि बेगूसराय पुलिस के द्वारा अतिशीघ्र अपराधियों को गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल के तहत सजा नहीं दिलवाई गई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में विलंब हुआ तो हम और हमारे संगठन के द्वारा शासन एवं प्रशासन के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक उग्र आंदोलन किया जाएगा।इसके साथ ही हम देश के सभी सम्मानित पत्रकार बंधुओं से विनम्र निवेदन करते हैं कि आप लोग भी एकजुट होकर अपने सहयोगी भाई वीर शहीद पत्रकार सुभाष के शोकाकुल परिजन को उचित न्याय दिलाने के लिए आवाज बुलंद करने की कृपा करें।

