शहीद पत्रकार सुभाष के स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित

वक्ताओं ने न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने तथा सड़क पर उतरने का आह्वान किया

भगवानपुर से विजय भारती की रिपोर्ट

भगवानपुर (बेगूसराय) बखरी प्रखंड के पत्रकार सुभाष कुमार की हत्या के उपरांत अपराधियों के विरुद्ध लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है, वहीं जगह जगह केंडल मार्च तथा उनके आत्मा की शांति के लिए शुभचिंतकों द्वारा लगातार श्रद्धांजलि सभा का दौर जारी है,इसी कड़ी में सोमवार को प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित पंचायत समिति भवन के सभागार में स्थानीय पत्रकार विजय भारती की अध्यक्षता में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

उक्त अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने पत्रकार की हत्या को लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए कहा कि आम अवाम की आवाज को सरकार तक पहुंचाने, शासन तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर करने वाले, सरकार के कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने,समाज में दबे कुचलों की आवाज को बुलंद करने वाले कलमकार की हत्या कर कायर अपराधियों द्वारा जुबान बंद करने की साज़िश चल रही है।

इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो अपराधियों का हौसला बढ़ेगा और उन अपराधियों का अगला निशाना फिर कोई ईमानदार तथा जुझारू कलमकार, समाजिक व राजनैतिक दल के कार्यकर्ता या फिर कोई ईमानदार सरकारी कर्मी भी हो सकते हैं। समाजिक कार्यकर्ता शैलेन्द्र कुमार सिंह ने तो भावुक होते हुए प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए जिले के सभी पत्रकार को तीन दिनों के लिए कलम बंद कर देने की अपील की, वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार ने शहीद पत्रकार को उचित न्याय दिलाने तथा समाजिक रुप से आर्थिक सहयोग करने की अपील की ।

जिसका समर्थन उपप्रमुख पंकज यादव, मुखिया मुन्ना सहनी तथा शैलेन्द्र सिंह ने भी किया।वहीं किसान नेता अशोक राय व कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष यशवंत चौधरी ने पत्रकार की निर्मम हत्या के लिए सरकारी व्यवस्था को दोषी ठहराया । मौके पर उपस्थित तेघरा अनुमंडल पत्रकार संघ के अध्यक्ष शशिभूषण भारद्वाज ने कहा कि कायरों की चुनौती हम पत्रकारों को स्वीकार है हम अपनी लेखनी को पहले से ज्यादा धारदार बनायेंगे। श्रद्धांजलि सभा के उपरांत उपस्थित लोगों ने शहीद पत्रकार सुभाष कुमार के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी वहीं दो मिनट मौन रहकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।

उक्त अवसर पर नेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन व तेघड़ा अनुमंडल पत्रकार संघ के सुमित कुमार उर्फ बबलूजी ,डबलू जी, देवेन्द्र कुमार,मंजेश कुमार,नीरज कुमार, दीपक कुमार, प्रमुख इन्द्रजीत कुमार, पूर्व प्रमुख लालबाबु पासवान, पूर्व जिला पार्षद रामसोगारथ साह, साक्षरता के प्रखंड सचिव रंजन सिंह, लोजपा (आर) के प्रखंड अध्यक्ष अनिल पासवान, लोजपा ( पा) के प्रखंड अध्यक्ष शिवकुमार चौधरी,

पूर्व उप प्रमुख संजीव कुमार गुप्ता, नन्दलाल यादव, पंसस आनंदकांत चौरसिया सहित दर्जनों पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता आदि उपस्थित होकर शहीद पत्रकार को श्रद्धांजलि अर्पित किए। वहीं उक्त कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अनुमंडल पत्रकार संघ के सचिव चन्दन शर्मा, गणेश प्रसाद पत्रकार, मृत्युंजय पत्रकार तथा स्थानीय तेजतर्रार पत्रकार बमबम कुमार का सराहनीय योगदान रहा।