भगवानपुर से विजय भारती की रिपोर्ट
भगवानपुर (बेगूसराय) मुस्लिम समुदाय के मुख्य पर्व ईद के मद्देनजर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित मनरेगा भवन के सभागार में शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित किए गए।

उक्त अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि शौभाग्य से विगत दो वर्षों के बाद इस वर्ष मुस्लिम भाईयों को ईद मनाने का सुनहरा अवसर मिला है, इसलिए पर्व को उत्साहपूर्वक मनाये साथ ही उक्त अवसर पर किसी प्रकार की अशांति नहीं फैलने दें।

ईद पवित्र पर्व है इसे शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनायें, प्रशासन आपके साथ है तथा शांतिपूर्ण पर्व मनाने में प्रशासन आपको हरसंभव सहयोग करेंगी। उन्होंने प्रखंड क्षेत्र स्थित सभी मस्जिदों पर सात बजे से नौ बजे तक विधि व्यवस्था कायम रखने हेतु प्रशासनिक व्यवस्था बहाल करने की बात कही।

वहीं कांग्रेस नेता मुहम्मद युनूस ने कहा कि हम हिन्दू मुस्लिम सिख ईसाई भाई चारा में विश्वास रखते हैं। इतिहास साक्षी है चाहे हिन्दू भाईयों का छठ, नवरात्र हो या फिर मुस्लिम भाईयों का ईद,शबेरात हम सभी मिलजुल कर आपसी अमन चैन के साथ मनाते हैं आज़ तक पर्व के दौरान किसी प्रकार की अशांति नहीं फैली है और हमें यकीन है आगे भी नहीं फैलेगी।

एक दूसरे के पर्व में साथ मिलकर शिरकत करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेरे गांव सूर्यपुरा में नवरात्र धुम धाम से मनाया जाता है, जिसमें हम तन मन से नौ दिनों तक शामिल रहते हैं।

उक्त अवसर पर ए एस आई अजय कुमार राय, जिला पार्षद दिनेश चौरसिया, प्रमुख इन्द्रजीत, कांग्रेस नेता इंद्रदेव राय व प्रकाश साह, भाकपा नेता रामचन्द्र पासवान, चंदौर पंचायत के सरपंच खुर्शीद आलम, नरहरिपुर पंचायत के मुखिया सुनील कुमार, मुहम्मद लालबाबु, जाकिर हुसैन, मुहम्मद तनवीर,मो रिजवान, ज्ञान विज्ञान समिति के प्रखंड सचिव रंजन सिंह सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग उपस्थित थे।

