सर्प दंश से 8 वर्षीय बालक की मौत

भगवानपुर (बेगूसराय) थाना क्षेत्र के भर्डिहा गांव में सर्प दंश से 8 वर्षीय बालक की मौत का समाचार प्रकाश में आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी विनोद प्रसाद महतो के 8 वर्षीय पुत्र रिसव कुमार उर्फ गोलू रविवार की शाम लगभग छः बजे अपने ही घर में खेल रहा था तभी बिषैला सर्प ने उसे डस लिया।

परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए दलसिंहसराय स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान सोमवार को अपराह्न लगभग 5 बजे उसकी मौत हो गई।

मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया वहीं उक्त टोला में माहौल गमगीन हो गया। बच्चे की मां रंजना देवी की चित्कार से वातावरण गमगीन बना हुआ था।

पिता विनोद प्रसाद महतो जो एक किसान हैं बेसूध से हो गये हैं। मृतक गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में तृतीय वर्ग में पढ़ता था तथा वह दो भाईयों में बड़ा था।

शोकाकुल परिजन सोमवार को लगभग नौ दस बजे रात में ही अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गए थे।

भगवानपुर संवाददाता विजय भारती की रिपोर्ट